उल्लावास गांव में शिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब।
सोहना, गुड़गांव। उल्लावास गांव के प्राचीन शिव मंदिर में श्रावण मास की पावन शिवरात्रि के अवसर पर एक भव्य और अलौकिक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन बेहद धूमधाम से किया गया। इस पावन पर्व पर पूरा वातावरण ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। भोले बाबा के प्रति अटूट आस्था का नजारा तब और विहंगम हो गया जब हरिद्वार से तीन डाक कांवड़, एक विशाल महाकांवड़ और कई आकर्षक झूला कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों का गांव में भव्य स्वागत किया गया। इस गरिमामयी और भक्तिमय आयोजन में भारतीय जनता पार्टी मजदूर प्रकोष्ठ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश नागर उल्लावास मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। भाजपा नेता सतीश नागर ने स्वयं उपस्थित रहकर कांवड़ियों की सेवा की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्हें गांव की माताओं, बहनों, बच्चों, अपने समवयस्क मित्रों, सेक्टरवासियों और बुजुर्गों से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।
धार्मिक उत्साह के बीच सामाजिक सरोकार की अलख जगाते हुए भारतीय जनता पार्टी मजदूर प्रकोष्ठ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश नागर उल्लावास ने उपस्थित जनसमूह को एक अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने सभी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस पवित्र अवसर पर अपने जीवन को बेहतर बनाने की शपथ लें। सतीश नागर ने हर व्यक्ति से स्वयं को, अपने परिवारजनों और परिचितों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने तथा दूसरों को इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्ति की इस मुहिम को पहले हरियाणा में पूर्ण रूप से सफल बनाया जाएगा और फिर इसे राष्ट्रीय स्तर पर ले जाकर एक स्वस्थ व सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया जाएगा। भाजपा नेता सतीश नागर उल्लावास ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान में अपना पूर्ण योगदान दें।