९ से १७ अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम १३ अगस्त को भव्य तिरंगा रैली १४ अगस्त को विभाजन की विभीषिका की स्मृति में विशेष आयोजन
प्रीतम दास हाइलाकांदी, १० अगस्त: देशभक्ति राष्ट्रीय एकता तथा स्वतंत्रता दिवस की भावना को आम लोगों के बीच और अधिक गहराई से पहुंचाने के उद्देश्य से हाइलाकांदी जिले में ‘हर घर तिरंगा २०२६ अभियान की शुरुआत हो गई है। हैलाकांदी जिला प्रशासन की पहल पर ९ से १७ अगस्त तक जिले के विभिन्न हिस्सों में कई देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्वतंत्रता की ८०वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस वर्ष के अभियान में समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल की गई है।सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी संस्कृति विभाग की प्रभारी अतिरिक्त जिला आयुक्त अंतरा सेन ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों शिक्षण संस्थानों विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से इस वर्ष के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को और अधिक जनसहभागी बनाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि आगामी ११से १३ अगस्त तक जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला निबंध लेखन तथा देशभक्ति कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी में जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को १५ अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।१३ अगस्त को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य तिरंगा रैली एवं पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें छात्र छात्राओं शिक्षक शिक्षिकाओं विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्यों तथा आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। हाइलाकांदी शहर के विभिन्न विद्यालयों से कम से कम १०० विद्यार्थियों के रैली में शामिल होने की उम्मीद है। रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय ध्वज भी प्रदान किया जाएगा।वहीं १४ अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में देश के विभाजन के दौरान लोगों की पीड़ा उनके अनुभवों तथा विस्थापन की घटनाओं पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को देश के विभाजन के इतिहास और उसके भयावह परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।१३ से १५ अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। नागरिकों को अपने अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ मंच पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया पर तस्वीरें एवं प्रमाण पत्र साझा करते समय #HarGharTiranga और #HGT२०२६ हैशटैग का उपयोग करने की अपील की गई है।
दूसरी ओर ‘वंदे मातरम्’ के १५०वें वर्ष के उपलक्ष्य में १६ और १७ अगस्त को जिले के विभिन्न विद्यालयों में प्रातःकालीन सामूहिक प्रार्थना अथवा सभा के दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके साथ ही भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के कालजयी गीत ‘मानुष मानुषेर जन्य’ (मनुष्य मनुष्य के लिए) का भी सामूहिक रूप से गायन किए जाने का कार्यक्रम है।
जिला प्रशासन की ओर से हाइलाकांदी के सभी वर्गों के नागरिकों छात्र छात्राओं शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से इन कार्यक्रमों में स्वेच्छापूर्वक एवं उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि सामूहिक भागीदारी के माध्यम से हाइलाकांदी में ‘हर घर तिरंगा २०२६ अभियान देशभक्ति राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का एक सशक्त संदेश देगा।
संवाददाता सम्मेलन में सहायक आयुक्त किशन चरई तथा प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अनुस्रुत दास काश्यप भी उपस्थित थे।