खराब निर्माण और टूटी सड़क से जनता परेशान, स्थानीय लोगों ने डीसी को सौंपी लिखित शिकायत। बांसबाड़ी जीपी सदस्य शमीम चौधरी और स्वैच्छिक संगठन भी हुए मुखर।

हैलाकांडी जिले के अलगापुर ब्लॉक के चंडीपुर टीई, बांसबाड़ी बागान तेतुलतला, बांसबाड़ी-2, बांसबाड़ी ग्रांट और बालिकांडी ग्रांट सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार की जीवनरेखा है। इसी सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल-कॉलेज जाते हैं, मरीज अस्पताल पहुंचते हैं और किसान तथा व्यापारी अपना सामान बाजार तक ले जाते हैं। लेकिन नाबार्ड रिडफ योजना के तहत पैकेज संख्या TE-RIDF-XXX-2024-25-389 के माध्यम से चंडीपुर ग्रांट के पहले किलोमीटर से करीमगंज सीमा के माइजल तक इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासियों ने हैलाकांडी के जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है। ग्रामीणों के अनुसार ठेका प्राप्त करने वाली कंपनी मैसर्स जे सी कंस्ट्रक्शन ने स्वीकृत नियमों, गाइडलाइन और तकनीकी विशिष्टताओं का पालन किए बिना घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है, जिसके कारण काम पूरा होने से पहले ही कई जगहों पर सड़क में दरारें और क्षति के निशान दिखाई देने लगे हैं। इसके अलावा साइड बर्म और शोल्डर सही तरीके से नहीं बनाए जाने से बरसात के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है और सड़क के दोनों किनारे धंस रहे हैं, वहीं पुलियों को भी बहुत नीचा बनाये जाने से मानसून में पानी के ओवरफ्लो होकर सड़क को काट देने की आशंका पैदा हो गई है जो आम जनता की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गया है। ग्रामीणों ने आगे बताया कि घटिया काम के कारण सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और बरसात के समय सड़क की जर्जर स्थिति के कारण छात्रों, मरीजों, व्यापारियों सहित आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और आपातकालीन सेवाएं भी बाधित हो रही हैं। उन्होंने डीसी से मांग की है कि तुरंत जांच समिति गठित कर मौके पर निरीक्षण किया जाए, घटिया काम के लिए ठेकेदार कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, डीपीआर और गाइडलाइन के अनुसार साइड बर्म और ऊंची पुलियों के साथ सड़क का काम नए सिरे से कराया जाए और काम की गुणवत्ता सुनिश्चित होने तक कंपनी को आगे कोई बिल भुगतान न किया जाए। इस विरोध में बांसबाड़ी जीपी सदस्य शमीम चौधरी और स्थानीय स्वैच्छिक संगठनों ने भी आवाज बुलंद की है। फयजुल हक लस्कर, मंजूर अहमद लस्कर सहित हस्ताक्षर करने वाले ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें दिखावे का काम नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुसार टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़क चाहिए और जनहित में प्रशासन तुरंत आवश्यक कदम उठाए।

Leave a Comment