शिलचर: क्रीड़ा भारती की काछार जिला एवं शिलचर महानगर इकाई की पूर्णांग कमेटी का गठन शनिवार को शिलचर सर्किट हाउस रोड स्थित एक भवन में आयोजित बैठक के दौरान किया गया। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और क्षेत्र में खेलों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
काछार जिला इकाई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी शेखर पाल चौधरी को सौंपी गई, जबकि अजीत दास को सचिव बनाया गया। निरंजन धर, उत्तम चौधरी और जयजीत विश्वास को उपाध्यक्ष, पिंकी महंत को कोषाध्यक्ष तथा संध्या रानी सिन्हा को सह-सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं, शिलचर महानगर इकाई के अध्यक्ष के रूप में देवाशीष सोम का चयन किया गया। सम्यज्योति भट्टाचार्य को सचिव, जयप्रकाश चक्रवर्ती को उपाध्यक्ष, सुदर्शन चौधरी को सह-सचिव तथा राजीव दत्त को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने काछार जिले तथा शिलचर महानगर क्षेत्र में खेलों के विकास एवं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। नई समिति ने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में क्रीड़ा केंद्र स्थापित करने, प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि क्रीड़ा भारती के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।