बाबा बैद्यनाथ की कृपा से सेवा कार्य में जुटे सैकड़ों स्वयंसेवक, बड़ी मात्रा में पेयजल एवं प्रसाद का किया वितरण
कोलकाता/देवघर, 8 अगस्त:
‘हर हर महादेव’ के जयघोष के बीच लायंस क्लब ऑफ कोलकाता विवेकानंद सेवा कैंप ने वर्ष 2026 में सेवा कार्य का नया कीर्तिमान स्थापित किया। क्लब की ओर से एक ही दिन में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई गईं।
बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से आयोजित इस सेवा अभियान में समर्पित स्वयंसेवकों ने सुबह अंकुरित अनाज से सेवा की शुरुआत की। इसके बाद 10 हजार से अधिक गिलास शरबत, 40 हजार एक लीटर की पानी की बोतलें, 1 हजार रसगुल्ले, 200 से अधिक पेड़े, 40 किलोग्राम मुरब्बा, 40 किलोग्राम सेब, 40 किलोग्राम खीरा और 40 किलोग्राम अमरूद सहित पान के पत्ते एवं अन्य जलपान सामग्री का वितरण किया गया।
क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस व्यापक सेवा अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के साथ-साथ निःस्वार्थ सेवा और मानवता का संदेश देना था। एक ही दिन में 30 हजार से अधिक लोगों तक सेवा पहुंचाना क्लब के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है और इससे पूर्व के सभी सेवा रिकॉर्ड भी पीछे छूट गए।
लायंस क्लब ऑफ कोलकाता विवेकानंद सेवा कैंप ने इस सफल आयोजन के लिए सभी स्वयंसेवकों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। क्लब ने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से ही इतने बड़े स्तर पर सेवा कार्य संभव हो पाया।
अंत में क्लब की ओर से बाबा बैद्यनाथ से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए निःस्वार्थ सेवा की भावना को निरंतर मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया गया।