बासकांदी, 7 अगस्त: बासकांदी अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं और बुनियादी ढांचे में सुधार को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त निदेशक डॉ. सुमना नाइडिंग की उपस्थिति में हुई बैठक में सोनाई के विधायक अमीनुल हक लस्कर ने अस्पताल की समस्याओं का जायजा लिया और सेवाओं में सुधार का आश्वासन दिया।
बैठक के प्रारंभ में विभिन्न वक्ताओं ने अस्पताल की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था और कर्मचारियों की कमी का मुद्दा विधायक के समक्ष उठाया। बताया गया कि अस्पताल के लिए छह चिकित्सक स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से चार चिकित्सक फिलहाल अन्य स्थानों पर कार्यरत हैं। वक्ताओं ने चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास की मांग रखी।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अमीनुल हक लस्कर ने कहा कि बासकांदी अस्पताल सहित सोनाई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों की समस्याओं को उन्होंने विधानसभा में उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी। विधायक ने अस्पताल के विकास के लिए जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बैठक के बाद विधायक ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस अवसर पर एसडीएमओ डॉ. दिव्यज्योति भट्टाचार्य, अस्पताल के प्रभारी डॉ. सायन बैष्णव, बीपीएम संयुक्ता दे, जिला परिषद के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुर रहीम लस्कर, बासकांदी ब्लॉक के सहायक बीडीओ खालिक-उद-जमान, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष बाबुल अहमद बरभुइयां, महमूद हुसैन लस्कर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।