लखीमपुर में जनसेवा का नया अध्याय: भगवान परशुराम युवा सेवा समिति ने शुरू की पहली ‘अमृतधारा’, सदर थाना परिसर में निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा का शुभारंभ

उत्तर लखीमपुर में समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। भगवान परशुराम युवा सेवा समिति ने लखीमपुर सदर थाना परिसर में अपने पहले “अमृतधारा” निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। यह सेवा परियोजना स्वर्गीय श्रीमती चन्द्रपति देवी की स्मृति में समाजसेवक बलवान शर्मा द्वारा समर्पित की गई है।

भगवान परशुराम युवा सेवा समिति ने जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लखीमपुर सदर थाना परिसर में प्रथम “अमृतधारा” का लोकार्पण किया। इस सेवा केंद्र का उद्देश्य थाना परिसर में प्रतिदिन आने वाले आम नागरिकों, फरियादियों, पुलिसकर्मियों, अधिवक्ताओं, सरकारी अधिकारियों एवं राहगीरों को वर्षभर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है।

इस जनोपयोगी परियोजना का उद्घाटन लखीमपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुणेंद्र डेका ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के बीच सहयोग से ही बेहतर सामाजिक वातावरण का निर्माण होता है तथा ऐसे सेवा कार्य सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लावा डेका, धुर्बोज्योति नाथ, पुलिस उपाधीक्षक प्रिन्सी बोरुआ, विशाखा देव, सदर थाना प्रभारी तुलुमोनी दुआरा, ट्रैफिक इंचार्ज बीजीत गोहाई, स्थानीय नागरिक समिति के अध्यक्ष गणेश भूयाँ, वीडीपी समिति के सदस्य उमेश शर्मा सहित अनेक पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समिति के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।

समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार भारद्वाज ने बताया कि संस्था केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सेवा और मानव कल्याण से जुड़े अनेक सामाजिक प्रकल्पों को भी निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने भविष्य में उत्तर लखीमपुर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी “अमृतधारा” स्थापित करने की योजना की जानकारी दी।

Leave a Comment