स्टार सीमेंट कारखाने में 132 केवी बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग, जिला आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

शिलचर, 7 अगस्त। काठीघोड़ा विधानसभा क्षेत्र के बुरुंगा स्थित स्टार सीमेंट कारखाने में शीघ्र 132 केवी विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर बुरुंगा डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से काछार के जिला आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि बराक घाटी के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद के साथ फरवरी 2026 में बुरुंगा में स्टार सीमेंट के कारखाने का उद्घाटन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने किया था। कारखाने के शुरू होने से स्थानीय बेरोजगार युवाओं, व्यापारियों, परिवहन कर्मियों, आपूर्तिकर्ताओं और छोटे उद्यमियों में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जगी थी।

हालांकि, संगठन का आरोप है कि उद्घाटन के बाद से ही विद्युत आपूर्ति की समस्या के कारण कारखाना नियमित रूप से उत्पादन नहीं कर पा रहा है और लंबे समय से लगभग बंद स्थिति में है। इसके चलते प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रभावित होने के साथ-साथ कारखाने पर निर्भर परिवहन व्यवसायियों, ठेकेदारों, विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं और छोटे कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में काठीघोड़ा क्षेत्र के निवासियों की ओर से व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए कारखाने में तत्काल 132 केवी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है।

संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कर कारखाने में उत्पादन शुरू कराया जाता है, तो इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ बराक घाटी में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

Leave a Comment