मिजोरम की दो नाबालिगों से दुष्कर्म का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

घटना में प्रयुक्त बोलेरो जब्त, पीड़िताओं का वीडियो बनाने वाली महिला भी न्यायिक हिरासत में

शिलचर, 6 अगस्त (रानू दत्ता)। मिजोरम के कोलासिब जिले की दो नाबालिग आदिवासी लड़कियों को बहला-फुसलाकर असम के कछार जिले के धलाई थाना क्षेत्र के पाकइबिल में ले जाकर उनके साथ कथित दुष्कर्म किए जाने के सनसनीखेज मामले में धलाई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त होने के संदेह में एक बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है। वहीं, पीड़िताओं को अदालत लाए जाने के दौरान उनका वीडियो बनाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुरुवार को कछार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) रजत कुमार पाल ने पत्रकारों को बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को आरोपी दोनों नाबालिग लड़कियों को कोलासिब से बोलेरो वाहन में बैठाकर पाकइबिल ले आए। आरोप है कि सुनसान स्थान पर वाहन के भीतर ही उनके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। इसके बाद आरोपी दोनों पीड़िताओं को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िताओं की शिकायत मिलने के बाद धलाई थाना अंतर्गत लायलापुर पुलिस चौकी ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

जांच को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई और घटनाक्रम का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन) कराया। साथ ही मामले में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

इसी दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। शिलचर अदालत में पेशी के समय गिरफ्तार आरोपियों में से एक की सास पर पीड़िताओं का वीडियो बनाने का आरोप लगा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत कुमार पाल ने कहा कि मामले में सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment