श्रीभूमि (असम), 6 अगस्त। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में असम राइफल्स को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर असम राइफल्स ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के साथ संयुक्त अभियान चलाकर श्रीभूमि जिले के बदरपुर क्षेत्र से लगभग 1.65 करोड़ रुपये मूल्य की मादक पदार्थों से संबंधित खेप जब्त की।
असम राइफल्स की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सुनियोजित अभियान के दौरान 11,130 किलोग्राम पोस्ता (खसखस) के बीज बरामद किए गए। यह खेप आगे तस्करी के लिए भेजी जाने वाली थी, जिसे समय रहते रोक लिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
बरामद खेप को आगे की जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई, सिलचर के हवाले कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।