लखीपुर में धर्म, संस्कार और नशामुक्ति का संदेश, समता युवा संघ ने किया श्रद्धेय दिनेश नाहटा का स्वागत

चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 5 अगस्त। समता युवा संघ, लखीपुर की ओर से बुधवार को छत्तीसगढ़ से पधारे श्रद्धेय श्री दिनेश नाहटा का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं सम्मान स्वरूप अभिनंदन कर उनके समाजसेवी कार्यों की सराहना की।

श्री दिनेश नाहटा को शाकाहारी जीवनशैली, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा नशामुक्त समाज के प्रति जनजागरण के लिए प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता है। वे लंबे समय से समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारों के प्रसार के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं।

स्वागत समारोह के उपरांत उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, लखीपुर में विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने धर्म, संस्कार, नैतिक मूल्यों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन, सदाचार और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

उनके विचारों से विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उप-प्रधानाचार्य श्री के. मणिंदर सिंहा भी अत्यंत प्रभावित हुए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके संदेश को समाज के लिए उपयोगी और प्रेरक बताया।

समता युवा संघ, लखीपुर ने श्रद्धेय श्री दिनेश नाहटा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में उनके प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। संघ ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Comment