कोकराझार में 12 साल की नाबालिग और उसकी मां पर अत्याचार: पोक्सो एक्ट के तहत वन सुरक्षा कर्मी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

​कोकराझार 5 अगस्त :

असम के कोकराझार जिले के फकीराग्राम थाना अंतर्गत सिंगिमारी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 12 साल की नाबालिग बच्ची को पिछले करीब छह सालों से हत्या, बलात्कार और वेश्यालय में बेचने की धमकी देकर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। इस गंभीर मामले में पुलिस ने वन सुरक्षा कर्मी महेश्वर राय और उसके संबंधी मनोज कुमार राय को पोक्सो अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है।

​मामले का विवरण:

फकीराग्राम थाने में मामला दर्ज (संख्या: 32/2026, धारा: 329(3)/117(2)/75(1)/3 BNS एवं पोक्सो एक्ट की धारा 8) करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी महेश्वर राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी मनोज कुमार बर्मन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2008 में फकीराग्राम के महंत कुमार राय ने अपनी पसंद से बारपेटा जिले की निजरा पाठक से विवाह किया था। लेकिन महंत की मां संतरा बाला राय को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और वह अपनी बहू को घर में नहीं देखना चाहती थी। इसके बाद से ही संतरा बाला ने अपने बेटे और बहू पर लगातार मानसिक और शारीरिक अत्याचार करना शुरू कर दिया ताकि वे घर छोड़कर चले जाएं। हालांकि, पति-पत्नी ने धैर्य बनाए रखा।

​वर्ष 2014 में इस दंपती के घर एक बेटी का जन्म हुआ। उन्हें उम्मीद थी कि नातिन के आने के बाद दादी संतरा बाला का दिल पिघल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संतरा बाला ने अपनी बेटी मोरमी और मोरमी के प्रेमी सह होने वाले दामाद महेश्वर राय के साथ मिलकर बहू निजरा और उसकी मासूम बच्ची पर जुल्म जारी रखे।

​आरोप है कि साल 2020 में महेश्वर राय ने 6 वर्षीय बच्ची के साथ अमानवीय हरकत की, जिससे वह शारीरिक रूप से घायल हो गई। इस घटना से डरकर मां निजरा अपनी बेटी को लेकर बारपेटा स्थित अपने मायके चली गई। हालांकि, बाद में पति के लौटने और रिश्तेदारों के समझाने पर वह वापस ससुराल आ गई। इस बार दादी संतरा बाला ने अपने बहन के बेटे और वीडीपी (VDP) सचिव मनोज कुमार राय के साथ मिलकर सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग और उसकी मां पर अत्याचार बढ़ा दिए।

​हत्या और बलात्कार की धमकी:

गत 4 जुलाई को आरोपी महेश्वर राय और मनोज राय ने नाबालिग को बलात्कार और हत्या करने तथा वेश्यालय में बेचने की धमकी दी। इसके अलावा, 12, 13 और 14 जुलाई को दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में उनके घर पर बोतलें फेंककर भारी आतंक मचाया। आरोपी मनोज कुमार राय वीडीपी सचिव होने का धौंस जमाते हुए हमेशा पुलिस और थाने को अपनी मुट्ठी में होने की बात कहकर डराता-धमकाता था।

​पुलिस की कार्रवाई:

लगातार मिल रही धमकियों और अत्याचार से घबराकर पीड़िता की मां निजरा पाठक ने कोकराझार जिला बाल कल्याण समिति और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) अक्षय गार्ग से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर तुरंत कड़ा कदम उठाते हुए पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को दबोच लिया।

GOPAL PRASAD

KOKRAJHAR , ASSAM

Leave a Comment