डूमडूमा में विकास योजनाओं पर मंत्री कौशिक राय की सख्ती, बोले—जनता तक समय पर पहुंचे हर योजना का लाभ

अर्णव शर्मा व गोरखनाथ गुप्ता तिनसुकिया, 5 अगस्त । असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले, सहकारिता तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को डूमडूमा के एक दिवसीय दौरे के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डूमडूमा टी-सीटी गेस्ट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने नगर क्षेत्र में संचालित शहरी विकास परियोजनाओं, सौंदर्यीकरण कार्यों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छ भारत मिशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डूमडूमा के विधायक एवं पूर्व मंत्री रूपेश ग्वाला ने शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नई विकास योजनाओं को स्वीकृति देने की मांग मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद कौशिक राय ने नवनिर्मित गांधी प्रतिमा, क्लॉक टावर तथा डॉ. भूपेन हजारिका पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रकल्प शहरों को अधिक सुंदर, व्यवस्थित और जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके बाद मंत्री ने वार्ड संख्या-10 स्थित उचामाटी में स्थापित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) एवं वेस्ट-टू-कम्पोस्ट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इस परियोजना से ठोस कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण होगा, जैविक खाद का उत्पादन बढ़ेगा तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के तहत मंत्री ने काकोपाथर समाबाय समिति लिमिटेड का दौरा कर आगामी 10 अगस्त से प्रारंभ होने वाले रियायती दर पर आवश्यक वस्तुओं के वितरण की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों तक चावल, चीनी, दाल सहित सभी आवश्यक खाद्यान्न समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंचाए जाएं।

दौरे के दौरान मंत्री ने जिले की विभिन्न उचित मूल्य की दुकानों, ग्राम पंचायत सहकारी समितियों तथा धान खरीद केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, धान खरीद प्रक्रिया और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।

मंत्री कौशिक राय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मजबूत शहरी आधारभूत संरचना, स्वच्छ नगर, सुदृढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

समीक्षा बैठक में डिब्रूगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रशांत फुकन, आवास एवं शहरी विकास विभाग की आयुक्त-सचिव कविता पद्मनाभन, नगर प्रशासन के निदेशक टंकेश्वर दास, डूमडूमा पौर सभा के कार्यकारी अधिकारी विद्युत विकास चांगमाई, पौर सभा अध्यक्षा कांता भट्टाचार्य, उपाध्यक्ष मनी दत्त, सभी पार्षद तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

https://meet.google.com/call?authuser=0&hl=en&mc=KAIwAZoBFDoScGludG9fdHZ3ZGZxaXE5M2poogE3MgJQADoCEAFKBAgBEAFaAggAagIIAXICCAF6AggCiAEBkgECEAGaAQQYASAAogECEADiAQIIALIBBxgDIAAqATDCAQIgAdgBAQ&origin=https%3A%2F%2Fmail.google.com&iilm=1785942746307

Leave a Comment