रामकृष्णनगर, 3 अगस्त (गौतम सरकार): श्रीभूमि जिले के डोलुरबंद गांव में महिला सबीना यासमीन की संदिग्ध मृत्यु के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर उसके पति फरीद उद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सबीना यासमीन की बिजली के करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके पति फरीद उद्दीन ने जानबूझकर उसे करंट लगाकर उसकी हत्या की। शनिवार सुबह आरोपी स्वयं सबीना को गोद में उठाकर रामकृष्णनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामकृष्णनगर और कालीबाड़ी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी के दौरान शनिवार रात राताबाड़ी रेलवे स्टेशन से आरोपी फरीद उद्दीन को गिरफ्तार कर रामकृष्णनगर थाना लाया गया। सोमवार को पुलिस ने उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत श्रीभूमि न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद मृतका की मां नूरजान बेगम ने प्रशासन से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने लंबे समय तक अत्याचार सहा और अब उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
मृतका के भाई नाजमुल हक ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मामले में यदि कोई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त है तो उसे भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार दंडित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि सबीना यासमीन अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।