गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 2 अगस्त:
श्रीभूमि जिले के पाथारकांडी विधानसभा क्षेत्र के बाजारीछड़ा अंतर्गत कोयलाघाट गांव की 13 वर्षीय छात्रा सप्तश्री दास के लापता होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के मिलने के बावजूद उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के संदेह में नामजद दो युवकों के खिलाफ अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
पीड़िता के पिता अतीन्द्र दास और माता पम्पी रानी दास ने बताया कि उनकी पुत्री, जो कक्षा आठवीं की छात्रा है, बीते मंगलवार रात लगभग 9 बजे घर से शौचालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, पर उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद काठालतली पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत में गांव के दो युवकों सुदीप दास (पिता–रंजीत दास) और पुलक दास (पिता–मनमोहन दास) पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया गया। परिवार ने पुलिस से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण और दोनों संदिग्ध युवकों के परिजन उनके घर पहुंचे। उनका आरोप है कि उन्होंने पहले यह कहा कि लड़की मिल गई है, लेकिन उसे घर ले जाने से पहले दर्ज मामला वापस लेना होगा। परिवार का कहना है कि इस दौरान उन्हें कथित रूप से धमकियां भी दी गईं।
परिजनों का दावा है कि धमकी और तनाव के कारण पिता अतीन्द्र दास अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल पाथारकांडी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद फिलहाल वे घर पर आराम कर रहे हैं।
रविवार को पीड़िता की माता पम्पी रानी दास ने कथित धमकी देने वालों के विरुद्ध थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि दोनों संदिग्ध युवक अभी भी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और पुलिस ने अब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया है।
इस मामले में पुलिस की कथित निष्क्रियता को लेकर परिवार तथा स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।