राताबाड़ी के डालुआछड़ा गांव में सातवीं कक्षा की छात्रा का शव पेड़ से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

राताबाड़ी, संवाददाता।

श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राताबाड़ी थाना क्षेत्र के डालुआछड़ा गांव में सातवीं कक्षा की एक छात्रा का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान सामिरुन नेशा के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक पेड़ पर छात्रा का शव लटका हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही राताबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करीमगंज सिविल अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके पश्चात धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार (दफन) किया गया।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन छात्रा की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

मृतका के परिजनों ने निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस मामले में पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय विधायक विजय मालाकार का भी ध्यान आकर्षित किया है।

फिलहाल जांच पूरी होने तक छात्रा की मौत के कारणों को लेकर किसी भी प्रकार का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

Leave a Comment