१६ अगस्त तक E-KYC अनिवार्य, अन्यथा LPG सब्सिडी और गैस सेवा में आ सकती है परेशानी

शमीन्द्र पाल, काठीघोड़ा, १ अगस्त : इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के अंतर्गत आने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया गया है। कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से १६ अगस्त २०२६ तक अपना E-KYC पूरा करने की अपील की है। निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर भविष्य में एलपीजी सब्सिडी प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर निर्धारित मूल्य पर प्राप्त करने में भी समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। विशेष परिस्थितियों में गैस कनेक्शन रद्द होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
शनिवार को बदरपुर स्थित इलोरा गैस एजेंसी के बिजनेस पार्टनर लुत्फुर रहमान ने एक विशेष बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में १४.२ किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग १०७६ रुपए है। यदि उपभोक्ता समय पर e-KYC पूरा नहीं करते हैं, तो भविष्य में उन्हें अधिक कीमत पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है या फिर गैस आपूर्ति और सब्सिडी संबंधी सेवाओं में अस्थायी बाधा आ सकती है।
उन्होंने आगे बताया कि उपभोक्ता तीन तरीकों से e-KYC कर सकते हैं। पहला, सीधे इलोरा गैस एजेंसी जाकर। दूसरा, गैस डिलीवरी के समय डिलीवरी बॉय के मोबाइल में उपलब्ध ऐप के माध्यम से। हालांकि, उपभोक्ताओं के लिए गैस एजेंसी जाना अनिवार्य नहीं है। वे अपने स्मार्टफोन से घर बैठे भी आसानी से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल में Indian Oil One और Aadhaar FaceRD ऐप इंस्टॉल करना होगा तथा आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा करना होगा।
इलोरा गैस एजेंसी की ओर से सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे १६ अगस्त से पहले अपना e-KYC अवश्य पूरा कर लें, ताकि भविष्य में सब्सिडी, गैस आपूर्ति या मूल्य संबंधी किसी भी संभावित समस्या से बचा जा सके।

Leave a Comment