रामकृष्णनगर में करंट लगने से गृहिणी की मौत, पति पर सुनियोजित हत्या का आरोप

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 1 अगस्त: श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के डलुरबंद गांव में एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मृतका की पहचान शबीना यासमीन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी मौत करंट लगने से हुई, लेकिन मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पति के खिलाफ रामकृष्णनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शबीना यासमीन का मायका आनिपुर नयाटिला जीपी के गामारिया गांव में है। वह दिवंगत लकड़ी व्यवसायी आफताब उद्दीन की बड़ी पुत्री थीं। उनका विवाह डलुरबंद निवासी फरीद उद्दीन से हुआ था।

परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चलता आ रहा था। शुक्रवार रात दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोप है कि फरीद उद्दीन ने जानबूझकर शबीना के शरीर में बिजली का तार लगाकर उसे करंट दे दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं और बेहोश हो गईं।

इसके बाद पति तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल रामकृष्णनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फरीद उद्दीन अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर काफी घबराहट की स्थिति में अस्पताल पहुंचा था। चिकित्सकों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद वह बच्चों को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

अस्पताल प्रशासन ने तत्काल घटना की सूचना रामकृष्णनगर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के परिजनों ने पति पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Leave a Comment