प्रख्यात शिक्षक एवं समाजसेवी सौरभ कोईरी का ब्रेन स्ट्रोक से आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

प्रेरणा भारती शिलचर, 1 अगस्त: सोनाई क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षक, समाजसेवी तथा कुशवाहा समाज के पूर्व सचिव सौरभ कोईरी (मून) का शुक्रवार देर रात ब्रेन स्ट्रोक के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों तथा पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

सौरभ कोईरी वर्तमान में मैनुल हक चौधरी हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वे अपने मिलनसार, विनम्र और सेवाभावी स्वभाव के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने वाले सौरभ कोईरी सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे कुशवाहा समाज के पूर्व सचिव भी रह चुके थे और समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहे।

उनके निधन की खबर से उनके परिचितों, सहयोगियों, विद्यार्थियों तथा शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें एक कर्मठ, सकारात्मक सोच रखने वाले, हंसमुख और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में याद किया। उनका अचानक यूं चले जाना सभी के लिए अविश्वसनीय और अत्यंत पीड़ादायक बताया जा रहा है।

सौरभ कोईरी, दिवंगत सुभाष कोईरी के द्वितीय पुत्र थे। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

शोक संदेशों में कहा गया है कि सौरभ कोईरी एक आदर्श शिक्षक होने के साथ-साथ अत्यंत सहृदय और परोपकारी व्यक्ति थे। वे सदैव समाजहित में कार्य करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे रहते थे। उनके निधन से शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र ने एक समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है।

सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Leave a Comment