सनी रॉय, गुवाहाटी:
धुबरी जिले के बिलासीपारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जिबेश रॉय द्वारा चापर में कानूनी शराब की दुकान बंद करने की मांग को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। आलोचकों का कहना है कि यदि समाजहित उद्देश्य है, तो क्षेत्र में कथित अवैध शराब और जुए के कारोबार के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई की मांग होनी चाहिए।
विधायक ने वार्ड नंबर-5 स्थित ‘ऋषि रेस्टोरेंट’ को दिए गए शराब लाइसेंस का विरोध करते हुए स्थानीय लोगों की भावना का हवाला दिया है। वहीं, विरोधी पक्ष का दावा है कि लाइसेंस सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद जारी किया गया था।
विधानसभा में आबकारी मंत्री अतुल बोरा ने स्पष्ट किया कि मामला वर्तमान में हाई कोर्ट में विचाराधीन है और सरकार का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने बताया कि लाइसेंस जारी करने से पहले नियमानुसार आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। इसलिए विभाग ने नियमों के तहत लाइसेंस जारी किया।
अब इस मामले में अंतिम निर्णय हाई कोर्ट के आदेश पर निर्भर करेगा। दूसरी ओर, कानूनी शराब कारोबारियों और कुछ जागरूक नागरिकों का कहना है कि सरकार को अवैध शराब और जुए के कारोबार पर भी समान रूप से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।