100वें निःशुल्क चिकित्सा शिविर का ऐतिहासिक पड़ाव: दो वर्षों में 47 हजार से अधिक लोगों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं
वृन्दावन, मथुरा से विशेष प्रतिनिधि द्वारा। ब्रज क्षेत्र के ग्रामीण एवं वंचित समुदायों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित केशव माधव चिकित्सालय, वृन्दावन ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सालय द्वारा प्रत्येक रविवार आयोजित किए जाने वाले निःशुल्क सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविर ने 14 जून 2026 को अपना 100वां निरंतर चिकित्सा शिविर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।
हमारे विशेष प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने चिकित्सालय के प्रमुख डॉ संदीप बंसल से बातचीत की उनके अनुसार, पिछले दो वर्षों से बिना किसी व्यवधान के हर रविवार आयोजित इस सेवा अभियान के माध्यम से हजारों जरूरतमंद मरीजों को उपचार, परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। संस्था ने इस उपलब्धि का श्रेय समाज के सहयोग, दानदाताओं के विश्वास तथा सेवा कार्य में जुड़े स्वयंसेवकों की निष्ठा को दिया है।
संस्था द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 100 रविवार शिविरों के दौरान 18,610 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त आरोग्य मुख एवं ग्राम आरोग्य अभियान के माध्यम से ब्रज क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगभग 15,000 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। समग्र रूप से अब तक करीब 47,000 लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ मिला है।
चिकित्सालय ने सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराने के साथ-साथ किशोरी स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत 8,000 सैनिटरी पैड वितरित किए तथा दंत स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत 1,200 डेंटल किट्स भी प्रदान किए।
प्रबंधन ने बताया कि संस्था भविष्य में नशा मुक्ति, किशोरी स्वास्थ्य, स्वच्छ जल, संस्कार शिक्षा और अन्य सामाजिक परियोजनाओं के माध्यम से सेवा कार्यों का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही वृन्दावन में निर्माणाधीन 500-बेड मल्टी-डिसिप्लिनरी सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सालय के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
संस्था ने इस अवसर पर सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से मानव सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Radhe Radhe
Always ready to serve with trust and dedication.