शमीन्द्र पाल, काठीघोड़ा, २७ जुलाई: असम के काछार जिले के काठीघोड़ा थाना पुलिस को नशा विरोधी अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-६ पर काठीघोड़ा चौक (चौरंगी) क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में लगभग १२६ ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद हेरोइन को १० अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था।
इस अभियान के दौरान तेजपुर निवासी बहारुल इस्लाम तथा शोणितपुर निवासी अमीनुल हुसैन नामक दो संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
काटिगढ़ा थाना के प्रभारी नव कुमार शइकिया के नेतृत्व में एसआई सामान अली मजूमदार, एसआई ज्योतिष नाथ तथा एक विशेष पुलिस दल ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
उल्लेखनीय है कि पिछले मात्र १५ दिनों के भीतर यह काठीघोड़ा थाना पुलिस की तीसरी बड़ी नशा विरोधी सफलता है, जो मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की लगातार सक्रियता और सख्त कार्रवाई का प्रमाण है।