गौतम सरकार, रामकृष्ण नगर, 28 जुलाई। असम के चार जिले इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बाढ़ के कारण हजारों घर जलमग्न हो गए हैं और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इनमें शिवसागर जिला सबसे अधिक प्रभावित बताया जा रहा है।
इसी परिप्रेक्ष्य में असम प्रदेश युवा मोर्चा के निर्देश पर राज्यभर के जिला एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत सामग्री एकत्र करने के अभियान में जुटे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रामकृष्ण नगर मंडल युवा मोर्चा ने नगर के बाजार, दुकानों तथा सरकारी एवं निजी संस्थानों में जाकर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री संग्रह अभियान चलाया।
मंडल युवा मोर्चा के अध्यक्ष के विशेष कार्य से गुवाहाटी में होने के कारण उनकी अनुपस्थिति में अभियान का नेतृत्व मंडल के उपाध्यक्ष समर दास ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष रिपन दास एवं अभिजीत दास, रामकृष्ण नगर मंडल के प्रभारी जयंत दास, सचिव राहुल गोस्वामी तथा विशाल नाथ, दीप्रजीत पाल, गुड्डू सोम, अभि दास, संजीव राय, स्वरूप नाथ, सनी पाल, परिमल दास और विशाल कांति पाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंडल युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष समर दास ने कहा कि असम के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनमें शिवसागर की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। प्रदेश युवा मोर्चा के आह्वान पर जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ता मिलकर राहत सामग्री एकत्र कर रहे हैं, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष की अनुपस्थिति में सभी कार्यकर्ता मिलकर रामकृष्ण नगर के बाजार और दुकानों से राहत सामग्री एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने इसे बाढ़ पीड़ितों के प्रति संगठन की एक छोटी लेकिन मानवीय पहल बताया।