लखीपुर उपमंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, 15 अगस्त को गरिमापूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने की व्यापक समीक्षा।

चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 27 जुलाई।

लखीपुर उपमंडल में आगामी 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को 80वें स्वतंत्रता दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर सोमवार को उपमंडल आयुक्त कार्यालय के सभागार में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडल आयुक्त ध्रुवज्योति पाठक ने की।

बैठक की शुरुआत सहायक आयुक्त मानस प्रतिम बंगजांग द्वारा पिछले वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह की कार्यवाही (मिनट्स) पढ़कर सुनाने से हुई। इसके बाद इस वर्ष के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए। चर्चा के दौरान कार्यक्रम को और अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए कई नए प्रस्ताव भी स्वीकार किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह लखीपुर अर्ल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सरदाचरण खेल मैदान में प्रातः 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में लखीपुर संगीत विद्यालय तथा बराक उपत्यका बंग साहित्य संस्कृति सम्मेलन, लखीपुर आंचलिक समिति के सदस्य राष्ट्रगान प्रस्तुत करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 5:30 बजे उपमंडल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से स्थायी ध्वनि प्रसारण प्रणाली के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 7 बजे निजी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा, जबकि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सरकार के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत शहीद स्मारक पर माल्यार्पण, लखीपुर स्वास्थ्य केंद्र, हरिनगर स्वास्थ्य केंद्र तथा लाबक बी.पी. केडिया अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरण तथा शाम के समय सरकारी एवं निजी भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।

बैठक में वन, विद्युत, पुलिस, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, लखीपुर नगरपालिका, आबकारी, जनसंपर्क, विकास खंड, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीडीएसपी पृथ्वीराज राजखोवा, सहायक आयुक्त मानस प्रतिम बंगजांग एवं भास्कर चौधरी, लखीपुर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी अमृत हांसे, उपाध्यक्ष रवींद्र सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधीक्षक प्रदीप कुमार शइकिया, समाजसेवी संजय कुमार ठाकुर, कछार जिला परिषद के उपाध्यक्ष देवज्योति बाउरी, एससी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष देवाशीष राय, समाजसेवी प्रदीप डे सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में उपमंडल आयुक्त ध्रुवज्योति पाठक ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Comment