निहार कांति राय उधारबंद, 27 जुलाई : काछार जिले के पानग्राम स्थित केडी ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर रॉड इंडस्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की घटना की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच के आदेश मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने दिए हैं। जिला आयुक्त रंजन गुप्ता के नेतृत्व में जांच की जाएगी। घटना के वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और स्पष्ट निर्देश दिया है कि दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
विधायक ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में इंडस्ट्री के मैनेजर अमीर चांद जहांगीर, राजेंद्र चौराड़िया और राकेश सुराना को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, गुवाहाटी से मालिक पक्ष के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं, कोलकाता स्थित मालिक को पुलिस के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
राजदीप ग्वाला ने बताया कि घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए गुवाहाटी से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ पूरी तरह खड़ी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। विधायक ने स्वयं मृतकों के घर जाकर उनके परिजनों को यह सहायता राशि सौंपी।
उन्होंने कहा कि सभी परिवार अपने प्रियजनों को खोने के कारण गहरे सदमे में हैं। सरकार उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही, कंपनी से उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
इस दौरान जिला आयुक्त रंजन गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी संजीव कुमार सैकिया, उधारबंद सर्किल अधिकारी प्रणबानंद दोवारा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के फील्ड अधिकारी करनजीत धर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बाद में विधायक राजदीप ग्वाला ने मृतक श्यामल गौड़ के पिता जनकलाल गौड़ से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उधारबंद जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य, महासचिव स्वरूप दत्त, प्रद्युत चक्रवर्ती, काशीपुर मंडल अध्यक्ष सुजीत ग्वाला और रंगपुर-मालुग्राम मंडल अध्यक्ष पुलक देव सहित अन्य लोग मौजूद थे।