शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट | 22 जुलाई: कछार जिले में पिछले दो दिनों के दौरान मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई सात अलग-अलग कार्रवाइयों में भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन, याबा टैबलेट, गांजा तथा भारत यूरिया खाद बरामद की गई। इन मामलों में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियानों के दौरान 34 साबुनदानी और 26 शीशियों में छिपाकर रखी गई कुल 402.90 ग्राम संदिग्ध हेरोइन, लगभग 24 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट (करीब 2.639 किलोग्राम), 2.113 किलोग्राम संदिग्ध गांजा तथा 1,050 बोरी भारत यूरिया खाद बरामद की गई।
कचुदरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने 10 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई 119.11 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। धोलाई थाना क्षेत्र में एक ऑटोरिक्शा से 49 ग्राम हेरोइन बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शिलचर के आश्रम रोड इलाके में 2.113 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, शिलचर बाईपास क्षेत्र से 26 शीशियों में रखी संदिग्ध हेरोइन बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। जिरिघाट थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान 20 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई 234 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी ओर, शिलचर थाना क्षेत्र में पुलिस ने AS-11C-4461 नंबर की एक वैगनआर कार से करीब 24 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद किए। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी अभियानों में एक वैगनआर कार, एक ऑटोरिक्शा, एक मोटरसाइकिल, दो ट्रक तथा कुल पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए सभी 13 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मादक पदार्थों और अवैध तस्करी के खिलाफ कछार पुलिस की लगातार कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों और अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।