शिलचर की जर्जर सड़कें बनीं लोगों की परेशानी का कारणकैपिटल पॉइंट से राष्ट्रीय राजमार्ग तक गड्ढों और जलभराव से आवागमन प्रभावित, स्थायी मरम्मत की मांग तेज

दिपांजलि राय, शिलचर।

शिलचर शहर की कई प्रमुख सड़कों की जर्जर स्थिति आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। विशेषकर कैपिटल पॉइंट से राष्ट्रीय राजमार्ग तक के मार्ग पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों तथा राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक खराब स्थिति ओरिएंटल सिनेमा हॉल के सामने की सड़क की है, जहां बारिश के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहने से यातायात बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क की अस्थायी मरम्मत के लिए लगाए गए सीसी ब्लॉक लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण टूटकर सड़क किनारे बिखर गए हैं। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस प्रकार की अस्थायी व्यवस्था न केवल अप्रभावी साबित हुई है, बल्कि इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द स्थल का निरीक्षण कर सड़क की स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

Leave a Comment