शिलचर सिविल अस्पताल में 11 माह के शिशु को छोड़कर लापता हुई मां, पुलिस जांच में जुटी

दीपांजलि राय शिलचर, प्रतिनिधि। शिलचर सिविल अस्पताल में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब करीब 11 माह के एक शिशु को उसकी मां कथित रूप से अस्पताल परिसर में छोड़कर लापता हो गई। घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने अस्पताल में मौजूद एक अन्य महिला से कुछ देर के लिए अपने बच्चे की देखभाल करने का अनुरोध किया। उसने कहा कि वह शौचालय जाकर तुरंत लौट आएगी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी, तो बच्चे की देखभाल कर रही महिला को संदेह हुआ। इसके बाद उसने अस्पताल प्रशासन को सूचना दी, जिसने तत्काल पुलिस को मामले से अवगत कराया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिशु को अपनी सुरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी। बच्चे और उसकी मां की पहचान के लिए अस्पताल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई, लेकिन तत्काल कोई सफलता नहीं मिल सकी। मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को भी दे दी गई है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला ने बच्चे को जानबूझकर अस्पताल में छोड़ा या उसके लापता होने के पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल शिशु सुरक्षित है और उसकी देखभाल संबंधित अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment