शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति की एकल वन यात्रा संपन्न, विद्यार्थियों को स्टेशनरी, वस्त्र व प्रोत्साहन पुरस्कार वितरित

शिलचर, 16 जुलाई। शिलचर वन बंधु परिषद महिला समिति द्वारा आयोजित एकल वन यात्रा के अंतर्गत 8 जुलाई 2026 को दूधपतिल स्थित ग्राम राधानगर के एकल विद्यालय में सेवा एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति की सात सदस्याओं तथा एक अतिथि ने भाग लिया।

विद्यालय पहुंचने पर तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय में कुल 25 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें से उस दिन 21 विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर और हस्तलेखन का आकलन करने के लिए बंगाली वर्णमाला पर आधारित Fill in the Blanks प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्धारित समय में सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए दो मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। कई विद्यार्थियों ने चौपाइयों का पाठ तथा गणित के पहाड़े सुनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

समिति की विशेष अतिथि रेयांशी खंडेलवाल, जो दुबई से शिलचर आई हुई हैं, ने सभी विद्यार्थियों को वस्त्र एवं बांस के उपयोगी पैकेट भेंट किए। वहीं समिति की सदस्य नीलम अग्रवाल ने अपने विवाह वर्षगांठ के अवसर पर बच्चों को पेंसिल, रबर तथा अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित की। समिति की सदस्य कांता मोहता, पूजा सारदा एवं विनीता खंडेलवाल की ओर से बच्चों को अनानास भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी विद्यार्थियों को फैंटा शीतल पेय पिलाया गया तथा विद्यालय के आचार्यों को सम्मानस्वरूप उपहार भेंट किए गए।

समिति की मीडिया प्रभारी विनीता खंडेलवाल ने बताया कि सेवा, संस्कार और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह एकल वन यात्रा सभी सदस्यों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Comment