चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 13 जुलाई :—- आसाम चाय मजदूर राष्ट्रीय महासभा की लखीपुर आंचलिक समिति का गठन सोमवार को पायलापूल स्थित नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक सामान्य सभा के दौरान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा की कछार जिला समिति के अध्यक्ष प्रदीप तांती ने की।
सभा में जिला समिति के सचिव जितेंद्र चंद्र बाउरी, कछार जिला परिषद के उपाध्यक्ष देवज्योति बाउरी, जिला परिषद सदस्य किशन रिकियासन, संगठन के सलाहकार केदारनाथ रविदास, जयदीप धोबी, मदन चाषा, विशुदानंद महतो तथा जिला समिति के प्रचार सचिव रामकृष्ण रिकियासन सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन का ध्वज फहराकर की गई। इसके बाद वृक्षारोपण किया गया तथा समिति के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय बीरेन कैरी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन भी रखा गया।
सभा में संगठन को और अधिक मजबूत तथा गतिशील बनाने के उद्देश्य से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आसाम चाय मजदूर राष्ट्रीय महासभा की लक्षीपुर आंचलिक समिति का गठन किया गया। नवगठित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन के प्रति निष्ठा एवं जिम्मेदारियों का शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने चाय जनजाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, सामाजिक विकास तथा संगठनात्मक एकता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नवगठित 31 सदस्यीय कार्यकारिणी में जयकुमार रविदास को अध्यक्ष, किशन रिकियासन एवं प्रबल री को उपाध्यक्ष, श्यामल तांती को सचिव तथा चंदन चाषा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित लक्षीपुर आंचलिक समिति भविष्य में संगठन के उद्देश्यों और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम का संचालन रसेंद्र चाषा ने किया।