गुवाहाटी ५ जुलाई: राज्य के पत्रकारों की सुरक्षा सामाजिक संरक्षण तथा पेशेवर अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से असम पत्रकार संघ (असम बार्ता जीबी संघ ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दिसपुर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को उठाते हुए १२ सूत्रीय मांगों वाला एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के सलाहकार मुकुट राज शर्मा उपाध्यक्ष भास्कर शर्मा महासचिव अंजन कुमार शर्मा कोषाध्यक्ष नवनीता कलिता तथा राज्य कार्यकारिणी सदस्य तरणीचरण कलिता शामिल थे।
ज्ञापन में असम में कार्यरत पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पृथक कानून बनाने की मांग की गई। साथ ही कार्यरत पत्रकारों के लिए प्रस्तावित स्वास्थ्य बीमा योजना को शीघ्र लागू करने मजीठिया वेतन बोर्ड की सिफारिशों को लागू करने तथा सेवानिवृत्त पत्रकारों की मासिक पेंशन ८००० रुपये से बढ़ाकर कम से कम २५००० रुपये करने और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने की भी मांग की गई।
इसके अतिरिक्त पत्रकार चिकित्सा कल्याण योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने तथा उपचार के दौरान ही सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने की मांग उठाई गई। जनसंपर्क विभाग की प्रेस मान्यता समिति (Press Accreditation Committee) तथा जर्नलिस्ट्स मेडिकल वेलफेयर स्कीम चयन समिति (Journalists’ Medical Welfare Scheme Selection Committee) में असम पत्रकार संघ के अध्यक्ष और महासचिव को स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने की भी मांग की गई। मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षित सीट एवं किराए में रियायत बहाल करने तथा असम राज्य परिवहन निगम की बसों में पूर्ववत किराया रियायत लागू करने की मांग भी रखी गई।संघ ने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुविधाएं सरल बनाने आपातकालीन परिस्थितियों में पत्रकारों की सहायता हेतु असम पुलिस का एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर शुरू करने गुवाहाटी में पत्रकार अतिथि गृह (Journalist Guest House) का निर्माण कराने पत्रकारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा में विशेष सुविधाएं प्रदान करने तथा बंद हो चुकी मीडिया फेलोशिप गुडविल मिशन और ‘वन टाइम ग्रांट फॉर मीडिया पर्सनैलिटी’ योजना को पुनः शुरू करने की मांग भी की। इसके साथ ही प्रस्तावित गुवाहाटी प्रेस अकादमी के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री से किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने पत्रकारों द्वारा उठाई गई मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग वर्तमान में उनके अधीन है तथा शीघ्र ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर ज्ञापन में उल्लिखित मांगों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए असम पत्रकार संघ के अध्यक्ष मधुसूदन मेधी तथा महासचिव अंजन कुमार शर्मा ने आशा व्यक्त की कि वर्तमान सरकार पत्रकारों की लंबे समय से लंबित न्यायोचित मांगों का व्यावहारिक समाधान करेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रतिनिधिमंडल ने इसी दिन मुख्यमंत्री के प्रधान प्रेस सचिव तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक से भी अलग अलग मुलाकात कर पत्रकार समुदाय की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की।