गुवाहाटी के निजी अस्पताल पर साइबर हमला, ₹4.41 करोड़ की ठगी; चीनी हैकरों पर आरोप

आकाश देव गुवाहाटी, 2 जुलाई: असम की राजधानी गुवाहाटी स्थित निजी हेल्थ सिटी अस्पताल एक बड़े साइबर हमले का शिकार हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने अस्पताल से ₹4.41 करोड़ की ठगी को अंजाम दिया। इस मामले में चीनी हैकरों की संलिप्तता होने का संदेह जताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सबसे पहले अस्पताल के अकाउंटेंट का कंप्यूटर हैक कर वित्तीय और आंतरिक जानकारी हासिल की। इसके बाद अस्पताल के मालिक की तस्वीर और पहचान का दुरुपयोग कर भरोसेमंद तरीके से धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।

घटना सामने आने के बाद संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुटे हैं, जबकि यह पता लगाया जा रहा है कि हैकरों ने किस माध्यम से सिस्टम में सेंध लगाई और धनराशि का लेन-देन कैसे किया।

यह घटना एक बार फिर संस्थानों के लिए मजबूत साइबर सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों में साइबर जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

Leave a Comment