श्रीभूमि/कोलासिब, 2 जुलाई: मिजोरम के कोलासिब जिले में गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में असम के श्रीभूमि (करीमगंज) जिले के गुलछड़ा क्षेत्र के रूपरगुल गांव के तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 2 बजे हुई। बताया जा रहा है कि सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पीछे से एक वैगनआर कार आकर ट्रक के पीछे रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रक आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा था, वह अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया और सीधे वैगनआर कार के ऊपर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार अन्य दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसे के बाद एक जीवित बचे साथी ने भावुक होकर मृतकों के प्रति दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह उन्हें बचा नहीं सका।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके पैतृक गांव भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, श्रीभूमि (करीमगंज) जिले सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।