शिलचर, 1 जुलाई: कछार जिला प्रशासन ने बड़खोला–जयंतिया–कालाइन संपर्क मार्ग के जराइलतला क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान बुलडोजर की सहायता से अवैध रूप से बंद किए गए कलवर्ट और जल निकासी नालों को हटाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से कुछ लोगों ने सड़क किनारे सरकारी भूमि पर कब्जा कर कलवर्ट और नालों की प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था को बाधित कर रखा था। इसके कारण हल्की बारिश होते ही जराइलटोला क्षेत्र में कृत्रिम जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। जलभराव से लगभग 60 से 70 परिवारों के घरों में पानी घुस जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
बताया गया है कि इस अवैध अतिक्रमण के कारण असम माला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़क का कार्य भी प्रभावित हो रहा था। निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दिए जाने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाकर बंद पड़े कलवर्ट और नालों को पुनः खोल दिया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था बहाल हो गई। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होगी तथा सड़क निर्माण कार्य भी अब तेज़ी से आगे बढ़ सकेगा।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।