बाँशकांडी के अलगापुर द्वितीय खंड में भूमि कब्जे को लेकर दंपति व 11 वर्षीय पुत्र पर हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

शिलचर, 30 जून: कछार जिले के बाँशकांडी क्षेत्र के अलगापुर द्वितीय खंड में भूमि विवाद को लेकर एक दंपति और उनके 11 वर्षीय पुत्र पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सुरक्षा की मांग की है।

पीड़ित आमिर उद्दीन चौधरी और उनकी पत्नी अफसा बेगम चौधरी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि घटना 24 मई की शाम लगभग 3:30 बजे हुई। उनके अनुसार, भूमि विवाद को लेकर पहले भी मतभेद था, जिसे लगभग छह महीने पूर्व ग्राम पंचायत स्तर पर सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद आरोपितों ने उनके घर में घुसकर संगठित तरीके से धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान आमिर उद्दीन चौधरी के सिर पर दाव (धारदार हथियार) से वार किया गया, जबकि उनकी पत्नी और 11 वर्षीय पुत्र को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमलावर उन्हें लहूलुहान अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका लगभग पांच दिनों तक इलाज चला। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शिलचर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। वर्तमान में परिवार जान का खतरा बताते हुए शिलचर के सोनाई रोड स्थित एक किराये के मकान में रह रहा है।

पीड़ित परिवार ने सरिफ उद्दीन चौधरी, उनके पुत्र आलमगीर हुसैन चौधरी, अब्दुल कलाम चौधरी, अब्दुर रहमान चौधरी, हाशिम अहमद चौधरी, शाहिन अहमद चौधरी, जाकिर हुसैन चौधरी तथा जायद चौधरी सहित कई लोगों पर हमले और लगातार जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

परिवार का कहना है कि हमले के बाद भी आरोपित लगातार उन्हें धमका रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पुनः धमकी और संभावित हमले की आशंका को लेकर एक और मामला दर्ज कराया है। साथ ही गत शनिवार को कछार के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

मंगलवार को मीडिया के माध्यम से पीड़ित परिवार ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा, कछार के पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों से हस्तक्षेप कर आरोपियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

(नोट: यह समाचार पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके बयान पर आधारित है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।)

Leave a Comment