हाइलाकांडी, 30 जून: हाइलाकांडी जिले के अलगापुर स्थित मोइनुल हक चौधरी मेमोरियल साइंस कॉलेज के अध्यापक एवं शोधकर्ता डॉ. आरिफ उद्दीन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका नाम बुकिंग 2025 साइंस रैंक ग्लोबल रजिस्ट्री द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।
यह उपलब्धि न केवल हाइलाकांडी जिले, बल्कि उनके गृह क्षेत्र श्रीभूमि जिले के बदरपुर, पूरे बराक घाटी और असम के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है। विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय शोध एवं योगदान के आधार पर उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
वर्तमान में डॉ. आरिफ उद्दीन ऑल इंडिया मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट के अधीन मानव ग्रासनली (Esophageal) कैंसर के उपचार पर शोध कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के प्रभावी उपचार के लिए नई दवा के विकास में योगदान देना है।
इस उपलब्धि पर अपराध एवं भ्रष्टाचार निरोधक संस्था, हाइलाकांडी जिला समिति के मीडिया सेल की ओर से उन्हें पारंपरिक गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। मीडिया सेल के सभापति सिप्रीयान डायास ने कहा कि डॉ. आरिफ उद्दीन विज्ञान और मानवता की सेवा के लिए समर्पित होकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण अनुसंधान कर रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. आरिफ उद्दीन ने कहा कि उनका शोध कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रभावी उपचार की दिशा में केंद्रित है। उन्होंने युवाओं से विज्ञान और शोध के क्षेत्र में आगे आने तथा नवाचार के माध्यम से समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया।