प्रे.स. शिलचर, 30 जून। गुरुचरण विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की छात्राएं इन दिनों प्रेरणा भारती हिंदी दैनिक मीडिया हाउस में इंटर्नशिप कर रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को “मीडिया और अध्यात्म” विषय पर एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित आनंद शास्त्री ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

अपने संबोधन में पं. आनंद शास्त्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में महर्षि नारद को सृष्टि का प्रथम पत्रकार माना जाता है, जिन्होंने सदैव लोककल्याण की भावना से संवाद का कार्य किया। उन्होंने महाभारत के संजय को दूसरा पत्रकार बताते हुए कहा कि दिव्य दृष्टि के माध्यम से उन्होंने युद्ध का निष्पक्ष एवं यथार्थ वर्णन धृतराष्ट्र तक पहुंचाया, जो पत्रकारिता के आदर्श स्वरूप का उदाहरण है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व है। एक पत्रकार को हर परिस्थिति में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी प्रकार के लालच, दबाव या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सत्य के पक्ष में निर्भीक होकर कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मीडिया, नैतिक मूल्यों और अध्यात्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका पं. आनंद शास्त्री ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
इस अवसर पर प्रेरणा भारती की संपादक श्रीमती सीमा कुमार तथा प्रेरणा भारती डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क के मुख्य संपादक श्री दिलीप कुमार भी उपस्थित रहे। दोनों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्षों से उन्हें अवगत कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।