शिलचर, 29 जून। बराक हिंदी साहित्य समिति द्वारा रविवार को हिंदी भवन, शिलचर में आयोजित भव्य समारोह में ‘दीनेश प्रसाद ग्वाला स्मृति पुरस्कार’ एवं ‘अमरनाथ खंडेलवाल स्मृति पुरस्कार’ के तहत बराक घाटी के 140 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष उदय शंकर गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला तथा काठीघोड़ा के विधायक कमलाक्ष दे पुरकायस्थ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में समिति के पूर्व अध्यक्ष परमेश्वर लाल काबरा, शिलचर विमेंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुजीत तिवारी तथा समाजसेवी अमित खंडेलवाल शामिल थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिंदु सिंह, सबिता जायसवाल, किरण त्रिपाठी और कमला सोनार द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन एवं रूपतारा दीक्षित द्वारा दीप मंत्र के पाठ के साथ अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। समिति की ओर से दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को मानपत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य संयोजक कन्हैयालाल सिंगोदिया के नेतृत्व तथा महासचिव प्रदीप कुमार कुर्मी के कुशल संचालन में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर के 126 विद्यार्थियों के साथ स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीबीएस और पीएचडी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों सहित कुल 140 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक राजदीप ग्वाला और कमलाख्य दे पुरकायस्थ ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। राजदीप ग्वाला ने कहा कि उनका परिवार ‘दीनेश प्रसाद ग्वाला स्मृति पुरस्कार’ की परंपरा को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास करता रहेगा।
समिति अध्यक्ष उदय शंकर गोस्वामी ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। डॉ. सुजीत तिवारी और अमित खंडेलवाल ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मानित छात्रा डॉ. रिम्पी कुर्मी ने प्रेरणादायी संबोधन देते हुए विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्हैयालाल सिंगोदिया, दुर्गेश कुर्मी, युगल किशोर त्रिपाठी, प्रमोद कुमार जायसवाल, सुनील सिंह, राजन कुंवर सहित समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावकों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।