उधारबंद में दो दिनों में 24 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

नीहार कांति राय, उधारबंद।

देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के तहत चलाए जा रहे विशेष पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत कछार जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उधारबंद ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा रविवार और सोमवार को व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के लगभग 24 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

अभियान का औपचारिक शुभारंभ उधारबंद ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एसडीएमओ एवं एचओ डॉ. अर्जुन प्रसाद गोयाला ने वैभव देव नामक एक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सालेह अहमद, ब्लॉक अकाउंट मैनेजर रूपाली देव तथा ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर अभिनंदन नाथ सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

प्रेरणा भारती से बातचीत में डॉ. गोयाला ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम समन्वित रूप से कार्य कर रही है। आशा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक गांव और क्षेत्र में समूह बैठकें आयोजित कर लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा माइक प्रचार, पोस्टर, बैनर और फेस्टून के माध्यम से भी व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह छह बजे उधारबंद ब्लॉक के 123 पोलियो बूथों पर समय पर वैक्सीन पहुंचा दी गई थी और सभी स्वास्थ्यकर्मी अपने-अपने केंद्रों पर तैनात हो गए थे। लोगों में भी पर्याप्त जागरूकता देखने को मिली तथा सुबह से ही विभिन्न बूथों पर अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए अभिभावकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सालेह अहमद ने बताया कि वर्ष 2024 के बाद यह अभियान कुछ समय के लिए स्थगित रहा था, जिसे इस वर्ष पुनः शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि उधारबंद ब्लॉक में इस अभियान के तहत 28,367 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दो दिनों में लगभग 24,005 बच्चों को खुराक पिलाई जा चुकी है, जिससे अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिला है।

ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर अभिनंदन नाथ ने बताया कि रविवार को 19,005 तथा सोमवार को लगभग 5,000 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अभी 4,322 बच्चों तक पहुंचना शेष है। इसके लिए मंगलवार को आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और नर्सें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो अब तक अभियान से वंचित रह गए हैं।

अभियान के दौरान एएनएम सेबिका दत्ताशिप्रा राय, एलएचवी रीता धरसमरजीत सिन्हा तथा एमटीएस संजय गिरि सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment