विशेष प्रतिनिधि गुवाहाटी, 29 जून। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के सेवानिवृत्त चिकित्सक, राष्ट्रीय मेडिकोज संगठन (एनएमओ) के उपाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक डॉ. दिलीप सरकार के निधन पर विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
शोक संदेश में कहा गया कि डॉ. सरकार ने अपना संपूर्ण जीवन सेवा, समाज कल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए समर्पित किया। वे भारतीय इतिहास संकलन समिति के आजीवन सदस्य थे तथा ठाकुर रामसिंहजी के आदर्शों से प्रेरित होकर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
बताया गया कि जीएमसीएच में चिकित्सक के रूप में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने चिकित्सा सेवा, सामाजिक दायित्व और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके करुणामय स्वभाव, समर्पण और निस्वार्थ सेवा से असंख्य लोगों को लाभ मिला।
शोक संदेश में कहा गया कि डॉ. दिलीप सरकार का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से असम सहित पूरे देश ने समाज सेवा के लिए समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व को खो दिया है।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार, सहयोगियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई तथा ईश्वर से इस दुःख की घड़ी में सभी को शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की गई।