अंकोपैथोलॉजी कोर्स की अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा में बराक की अस्मिता ने हासिल किया प्रथम स्थान

शिलचर, 28 जून। बराक घाटी के लिए गर्व की बात है कि शिलचर मेडिकल कॉलेज की पूर्व छात्रा अस्मिता शुक्लवैद्य ने नई दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) के डीएम सुपर स्पेशियलिटी अंकोपैथोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

अस्मिता, शिलचर मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. आशुतोष शुक्लवैद्य एवं उत्पला शुक्लवैद्य की पुत्री हैं। मूल रूप से वे श्रीभूमि जिले के मास्कीपुर गांव की निवासी हैं।

उन्होंने वर्ष 2021 में शिलचर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की तथा वर्ष 2025 में एम्स, नई दिल्ली से एमडी की उपाधि हासिल की। अब देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान एम्स में डीएम सुपर स्पेशियलिटी अंकोपैथोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश का अवसर मिलने पर चिकित्सा जगत एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

इस उपलब्धि के साथ ही अस्मिता को आगामी सितंबर में दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित होने वाली वर्ल्ड कांग्रेस में अपना शोधपत्र प्रस्तुत करने के लिए भी चयनित किया गया है। उनकी इस दोहरी सफलता से बराक घाटी और शिलचर मेडिकल कॉलेज का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

Leave a Comment