गौतम सरकार रामकृष्णनगर, 26 जून। असम में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामकृष्णनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को नियमित वाहन जांच (नाका चेकिंग) के दौरान रामकृष्णनगर अस्पताल के सामने एक वैगनआर कार से 60 पैकेट याबा टैबलेट बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरीमुल हक (32) के रूप में हुई है, जो मूलियाला गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11,400 याबा टैबलेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त वाहन का पंजीकरण संख्या AS 10 J 0960 है।
इस अभियान का नेतृत्व रामकृष्णनगर उप-मंडल के सीडीएसपी अंशुल शर्मा ने किया। उनके साथ थाना प्रभारी प्रियव्रत शर्मा, आईबी शाखा के कर्मचारी रिपन पाल तथा अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।