कछार के जिलाधिकारी का तबादला, राहुल कुमार गुप्ता होंगे नए डीसी

रानू दत्त शिलचर, 25 जून। असम सरकार द्वारा प्रशासनिक स्तर पर किए गए ताजा फेरबदल के तहत कछार जिले के जिलाधिकारी (डीसी) आयुष गर्ग का तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में बुधवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना में जानकारी दी गई।

अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी आयुष गर्ग को समग्र शिक्षा असम मिशन का प्रबंध निदेशक (मैनेजिंग डायरेक्टर) नियुक्त किया गया है। वे अब तक कछार जिले के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

वहीं, वर्ष 2019 बैच के आईएएस अधिकारी तथा वर्तमान में दक्षिण सलमारा-मानकाचर जिले के जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता को कछार जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। सरकार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से कछार का दायित्व सौंपा है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार समय-समय पर प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई नियुक्तियां करती रहती है। इसी क्रम में किए गए इस फेरबदल को कछार जिले के प्रशासनिक नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

नवनियुक्त जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों तथा प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, आयुष गर्ग के कार्यकाल में कछार में विभिन्न विकासात्मक एवं प्रशासनिक पहलों को भी सराहा गया है।

Leave a Comment