मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उधारबंद में तीन दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित

प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उधारबंद विकास खंड प्रशासन की ओर से 17 से 19 जून तक ब्लॉक ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम दिन उधारबंद आंचलिक पंचायत के अध्यक्ष सुमन केवट ने किया। इस अवसर पर उधारबंद विकास खंड के सहायक खंड विकास अधिकारी जयनाला होजाई ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

अपने संबोधन में सुमन केवट तथा आंचलिक पंचायत की सभानेत्री अमिता चक्रवर्ती ने पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव में विकास की धारा पहुंची है तथा महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्व मंच पर अग्रणी राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर कार्य कर रहे हैं और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर योगदान देना होगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन मंच पर उधारबंद विकास खंड के अधिकारी जयनाला होजाई, परवेज अख्तर चौधरी, लारसिंग ग्राम पंचायत की सभानेत्री इंदिरा सिंह तथा शालगंगा ग्राम पंचायत की सभानेत्री लाखी एस. चौधरी उपस्थित थीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की विकासात्मक गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

समापन दिवस पर मुख्य वक्ता के रूप में सर्कल अधिकारी प्राणबानंद दुवारा ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श भी किया।

कार्यक्रम में आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट, उधारबंद जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, शालगंगा जिला परिषद सदस्य दीप्ति शुक्लवैद्य तथा हाथीछड़ा आंचलिक पंचायत सदस्य रामू छेत्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

शिविर में कृषि, शिक्षा, लोक निर्माण, मत्स्य, रेशम, असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, मृदा संरक्षण, डीएफडी तथा डीआईसीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई।

Leave a Comment