शिलचर, 19 जून। ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), दयापुर, शिलचर परिसर स्थित क्षेत्रीय केंद्रीय कल्याण संघ (RCWA) द्वारा संचालित मॉन्टेसरी स्कूल में मासिक कार्ययोजना जून-2026 के अंतर्गत 18 एवं 19 जून को दो दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें नैतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गुणों का विकास करना था। इस दौरान बच्चों को शिष्टाचार, नैतिक शिक्षा और जीवन मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई, जिससे उनमें अनुशासन, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सके।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए “से नो टू प्लास्टिक” अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा चित्रकला, हस्तकला तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व को समझा तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्राचार्या फराह चौधरी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों के संवर्धन तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में उत्साह एवं सीखने की नई ऊर्जा देखने को मिली।