विशेष प्रतिनिधि गुवाहाटी, 16 जून: असम विधानसभा परिसर में मंगलवार को आयोजित आम सभा में असम विधानसभा प्रेस रिपोर्टर्स समिति का पुनर्गठन किया गया। बैठक की शुरुआत में निवर्तमान समिति ने अपना इस्तीफा सौंपा, जिसके बाद कार्यवाही वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक अग्रदूत की पत्रकार शमीम सुल्ताना अहमद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
सभा में सर्वसम्मति से असमिया प्रतिदिन के वरिष्ठ पत्रकार भबेन दत्ता को एक बार फिर समिति का अध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित समिति में उपाध्यक्ष पद के लिए विकास सिंह, मौसमज्योति बैश्य, शमीम सुल्ताना अहमद, भुवन चेतिया तथा नयन प्रतिम कुमार का चयन किया गया।
समिति के सचिव पद पर हरेन बुरहागोहाईं निर्वाचित हुए। वहीं सहायक सचिव के रूप में अनिरुद्ध भकत चूतिया, बीरेश्वर दास, रंजिता राभा, माधव दास, मुकुट राय, अहिदुर रहमान खान (बाबा), रामेन कलिता तथा गुणमणि शर्मा को चुना गया।
बैठक में विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पत्रकारों को आने वाली विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इन मुद्दों के समाधान तथा विधानसभा सत्रों के दौरान मीडिया कर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास को शीघ्र ही एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा प्रेस रिपोर्टर्स समिति विधानसभा की कार्यवाही का कवरेज करने वाले मान्यता प्राप्त पत्रकारों के हितों की रक्षा करने तथा विधानसभा परिसर में मीडिया के लिए अनुकूल कार्य वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
यह जानकारी समिति के सचिव हरेन बुरहागोहाईं द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।