धोलाई में बड़ी कार्रवाई: 1.278 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

धोलाई में बड़ी कार्रवाई: 1.278 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

शिलचर, 6 जून (रानू दत्ता): मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कछार पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की गुवाहाटी जोनल यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त रूप से चलाए गए एक विशेष अभियान में धोलाई के धलाखाल क्षेत्र से भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मिजोरम से आ रहे दो संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि कुल 107 साबुन के डिब्बों के भीतर अत्यंत सुनियोजित तरीके से छिपाकर रखी गई लगभग 1.278 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन की खेप तस्करी के लिए लाई जा रही थी।

अभियान के दौरान बरामद मादक पदार्थों के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया। मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के हित में गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का मानना है कि यह बरामदगी अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा मादक पदार्थों की इस खेप का अंतिम गंतव्य क्या था। कछार पुलिस और एनसीबी ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को हाल के समय में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए गए अभियानों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Leave a Comment