मणिपुर के जिरीबाम में असम राइफल्स की बड़ी सफलता, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
इंफाल/जिरीबाम, 29 मई : मणिपुर के जिरीबाम जिले में असम राइफल्स ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए, जिनका कुल वजन लगभग 4.5 किलोग्राम बताया गया है।
असम राइफल्स के अनुसार, राज्य में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा बलों द्वारा निगरानी और सतर्कता और अधिक बढ़ा दी गई है। समय रहते इन आईईडी का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किए जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। अधिकारियों का कहना है कि यदि ये विस्फोटक समय पर बरामद नहीं किए जाते, तो बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हो सकता था।
अभियान के दौरान बरामद विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया अपनाई गई। असम राइफल्स ने स्पष्ट किया कि जिरीबाम जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर ली गई है और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में शांति बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में असम राइफल्स की सक्रिय भूमिका की सराहना की है।