अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की सफल शिलचर संगठन यात्रा आयोजित
22 मई 2026 शुक्रवार को शिलचर की धरा पर जैन भवन के प्रांगण में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की संगठन यात्रा के अंतर्गत असम, मेघालय और नागालैंड प्रभारी श्रीमती सोनिका जी पारख एवं विशेष आमंत्रित श्रीमती शांति जी बैद का आगमन हुआ।अगरतल्ला श्रीभूमि की सार संभाल के पश्चात आपका सिलचर क्षेत्र में पदार्पण हुआ।आपके आने से पूरे मंडल की बहनों में जोश एवं उत्साह का माहौल बन गया।
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती बबीता जी डागा एवं मंत्री श्रीमती रेखाजी सेठिया ने असम गमछा पहनाकर , मंडल की बहनों द्वारा कुमकुम चावल लगाकर अभ्यागत बहनों का स्वागत किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ बहनों द्वारा नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से किया गया। तत्पश्चात तेरापंथ महिला मंडल सिलचर उपाध्यक्ष बबीता जी डागा, असम प्रभारी सोनिकाजी पारख , शांतिजी बैद ,आशालताजी भूरा, सुमंगल श्राविका विमला जी रांका, प्रेमजी सुराणा और मंत्री रेखा जी सेठिया ने को मंचासीन कराया गया । मंडल की बहनों द्वारा प्रेरणा गीत का संगान किया गया। अध्यक्ष महोदया श्रीमती रेखाजी चौरड़िया की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष बबीता जी डागा ने अपने स्वागत वक्तव्य में अतिथि बहनों का स्वागत करते हुए कहा कि आप दोनों का आगमन हमारे लिए एक औपचारिक यात्रा नहीं बल्कि प्रेरणा, मार्गदर्शन और संगठन शक्ति का सुंदर संगम है। आपके मार्गदर्शन से हमारी कार्यशैली में नया निखार आएगा। मंडल की बहनों द्वारा स्वागत गीतिका का गान किया गया।श्रीमती शांति जी ने साध्वी प्रमुखा श्री विश्रुतविभा जी का संदेश वाचन कर सभी का ध्यान केंद्रित किया ।श्रीमती सोनिका जी पारख ने राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सुमन जी नाहटा का संदेश वाचन किया जो की बहुत ही प्रेरणादायक था। उन्होंने अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की विभिन्न परियोजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जिसके अंतर्गत सभी शाखाओं को कार्य करना होता है। जिसमें 4 प्रमुख परियोजना के अंतर्गत आदर्श परिवार , सक्षम नारी सुविकसित नारी, समृद्ध राष्ट्र विकास योजना एवं तुलसी शिक्षा परियोजना प्रमुख हैं। सोनिका जी एवं शांति जी ने तेरापंथ महिला मंडल सिलचर की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि आपके मंडल का सामंजस्य एवं एकता प्रेरणादायी है।उन्होंने बहुत ही सहजता से क्रियात्मक सुझाव सांझा किये तथा अ.भा .ते. म. म द्वारा संचालित ऑनलाइन ऑफलाइन योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सभी बहनों की सक्रियता को देखते हुए उन्होंने सिलचर को उर्वरक क्षेत्र बताया।मंत्री रेखा जी सेठिया ने संक्षेप में मंडल की गतिविधियों की जानकारी दी एवं आभार ज्ञापन करते हुए कहा कि सिलचर महिला मंडल के लिए यह पहली संगठन यात्रा हमारे लिए सदैव स्मरणीय रहेगी एवं मंडल की बहनों में उत्साह का संचार करती रहेगी। कार्यक्रम का कुशल संचालन कोषाध्यक्ष श्रीमती मधु दुग्गड़ ने किया। कार्यक्रम में लगभग 80 बहनों की सम्मानित उपस्थित रही।