सोनाबाड़ीघाट बाइपास पर भीषण सड़क हादसा : लोरी के नीचे दबकर दो युवकों की मौत।

सोनाबाड़ीघाट बाइपास पर भीषण सड़क हादसा : लोरी के नीचे दबकर दो युवकों की मौत।
चंद्रशेखर ग्वाला शिलचर, 20 मई : काछार जिले के सोनाबाड़ीघाट बाइपास पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे सईदपुर इलाके में हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान भुवनडहर टुपीडहर प्रथम खंड निवासी स्वपन राय (25) तथा सुरेंद्र राय (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक मेडिकल क्षेत्र से नई स्कूटी (एएस 11 एएच 2056) लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक स्कूटी से जा रहे थे और सामने चल रही लोरी (एएस 11 डीसी 1992) को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सामने से एक ऑटो आते देख चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज रफ्तार के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक फिसलकर लोरी के पिछले पहिए के नीचे जा गिरे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि एक युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया, जबकि दूसरे के सीने में गंभीर चोट लगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक तमिलनाडु में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। बुधवार को वे मेडिकल में भर्ती एक रिश्तेदार को देखने गए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्ग में भेज दिया गया।
इस दुर्घटना के कारण बाइपास मार्ग पर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment